फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संस्कृत दिवस के अवसर पर आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में 12 अगस्त से 21 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाया गया। संस्कृत श्लोक वाचन, कहानी वाचन, संस्कृत गीत वाचन आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं। बुधवार 22 अगस्त को संस्कृत सप्ताह के समापन के अवसर पर संस्कृत प्रतियोगिताओं में सफल छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने पुरस्कृत कर उनकी हौसला आफजाई की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। उसके बाद कक्षा छठी के छात्र-छात्राओं द्वारा संस्कृत में समूह गीत प्रस्तुत किया। उसके बाद विद्यालय की शिक्षिका दीपा यादव ने संस्कृत में एकल गीत गाकर खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव ने संस्कृत श्लोक पाठ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी अभिनव, वैष्णवी और शिवा तथा संस्कृत कहानी कथन प्रतियोगिता में तृषा, सार्थक दीक्षित और एंजेल को पुरस्कृत किया। पूरे सप्ताह चली गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले वरदान सक्सेना, अभय, वैष्णवी यादव, आयुषी, अवन्तिका यादव, कीर्ति तिवारी, अनुभव तथा मिष्टी मुखर्जी आदि को भी सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य संजीव ने कहा कि हमारे भारत देश की प्रतिष्ठा संस्कृत और संस्कृति के कारण ही है। संस्कृत विश्व की प्राचीनतम भाषा है। इसका अध्ययन हमें अवश्य करना चाहिये। संचालन शिक्षक डॉ0 सुनील कुमार त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर संगीत शिक्षक दयानन्द शर्मा, पूर्णिमा अग्निहोत्री, अनूपा अग्निहोत्री, अमर सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
आर्मी पब्लिक स्कूल में संस्कृत सप्ताह का हुआ समापन
