थाना मुर्तिहा मे आयोजित हुआ मिशन शक्ति चौपाल

महिला अपराधों में आपसी सुलह समझौता न कराएं, बढता है अपराधियों का मनोबल: वृंदा शुक्ला

बहराइच समृद्धि न्यूज़। प्रदेश सरकार के निर्देश पर चलाई जा रही मिशन शक्ति योजना अन्तर्गत महिला चौपाल कार्यक्रम का आयोजन मुर्तिहा थाने में किया गया। चौपाल में ग्राम पंचायतों की महिलाएं व ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।महिलाओं को सम्बोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक बृंदा शुक्ला ने कहा कि महिलाएं अपने विरुद्ध होने वाले अपराध के प्रति आवाज अवश्य उठाएं। सामाजिक दबाव व प्रतिष्ठा के चलते ऐसे प्रकरणों को आपसी सुलह-समझौता से ना सुलझाएं,इससे सामाजिक कुरीतिया व अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्राम प्रधानों से अपील करते हुए एसपी ने कहा कि संगीन प्रवृत्ति के महिला सम्बन्धी अपराधों को आपसी सहमति से निस्तारित करने में बिचौलिए की भूमिका न अदा करें,जिससे महिलाओं को सही रूप से न्याय मिल सके तथा इस प्रकार के अपराधों की पुनरावृत्ति पर नियंत्रण किया जा सके। मिशन शक्ति के उद्देश्यों के बारे में बताते हुए कहा कि महिलाओं को एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना शासन की प्राथमिकता है। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा रोकने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए न्याय व सहायता प्रणाली तक सरल पहुँच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग तत्परता के साथ कार्यरत है। महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। थाना क्षेत्रों में गाँव-गाँव जाकर महिला चौपाल लगाकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।चौपाल में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बालिकाओं/महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता हेतु संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों जैसे- 1090-वीमेन पॅावर लाइन, 181-महिला हेल्पलाइन, 108-एम्बुलेंस सेवा, 1076–मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112-पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098-चाइल्ड लाइऩ, 102-स्वास्थ्य सेवा, 1930-साइबर हेल्पलाइन तथा थानों पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी ।जागरूकता अभियान सभी थाना क्षेत्रों में नवरात्रि की अवधि में चलाने हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया । महिला बीट अधिकारियों को बताया गया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाली रामलीला एवं दुर्गा पूजा के पंडालो पर जाकर पूजा के समय महिला सुरक्षा सबंधी जागरूकता प्रदान करे।राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने क्षेत्र में एक वृहद महिला चौपाल लगाकर उसमे स्वयं महिलाओं को जागरूक करना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में बलहा विधायक सरोज सोनकर, प्रतिनिधि आलोक जिंदल, चेयरमैन मिहींपुरवा जितेन्द्र मद्धेशिया, क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा हीरालाल कन्नौजिया, प्रशिक्षु उपाधीक्षक राज सिंह यादव समेत क्षेत्र के ग्राम प्रधान,बीडीसी,आशा बहु, आंगनबाड़ी कार्यकत्री समेत उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *