गाजे-बाजे के साथ निकली श्रीराम बारात, जगह-जगह पुष्प वर्षा

भक्तों ने उतारी आरती, नगर हुआ राममय
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गाजे बाजे के साथ धूमधाम से निकली राम जी बारात, भक्तों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आरती की। श्रीराम लीला कमेटी फतेहगढ़ की ओर से भव्य श्रीराम बारात निकाली गई। श्रीराम चन्द्र जी की बारात श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष रवीश द्विवेदी के आवास से प्रारंभ हुई। बारात प्रस्थान करने से पूर्व कमेटी के सभी पदाधिकारियों ने गौरी के लाल भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर आरती की। उसके पश्चात बारात एमआईसी तिराहे, कोतवाली रोड से होते हुए मिलेट्री चौराहे (नेता जी सुभाष चन्द्र बोस), गाड़ी खाना होते हुए पुन: सेन्ट्रल बैंक तिराहा से पुराना जिला अस्पताल रोड होते हुए भोलेपुर स्थित श्री हनुमान मंदिर जनकपुरी पहुंची और वहां पर भगवान श्रीराम व माता जानकी का विवाह कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। राम बारात में भगवान गणेश, इंद्रदेव, काली अखाड़ा, सूर्य भगवान, श्रीराधा कृष्ण, जनक जी, सुनैना, सीता जी, कृष्ण, अर्जुन, परशुराम जी, कार्तिकेय, सेतुबंध रामेश्वरम, राधाकृष्ण, शनिदेव, तिरुपति बालाजी, मां सरस्वती, श्री हरि विष्णु लक्ष्मी, पुष्पवाटिका, ताडक़ा वध, लड्डू गोपाल, राजा दशरथ, हनुमान जी, लक्ष्मी-विष्णु, मां आदि शक्ति दुर्गा, भगवान शंकर, खाटू श्याम, श्रीराम लक्ष्मण, भरत, शत्रुघन व विश्वामित्र के स्वरुपों की झांकी दर्शकों का मन मोह रही थी। वहीं बारात में शामिल कई बैंड भक्तिमय गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर रहे थे। राम बारात का जगह-जगह भक्तों ने अपनी सुविधानुसार पुष्पवर्षा कर आरती उतारी और पूजा अर्चना की। इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी के सभी पदाधिकारी व सहयोगी बारात के साथ चल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *