उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर शनिवार शाम को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को धमकी भरा मैसेज आया था. इसी के बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है. मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाली महिला की शिनाख्त कर ली है और उसे गिरफ्तार कर पूछ-ताछ शुरू कर दी है.
मुंबई: मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी भरा संदेश भेजने के आरोप में अब एक युवती को गिरफ्तार किया है। इस बाबत पुलिस ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपी युवती की पहचान फातिमा खान के रूप में की गई है, वह अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में रहती है। पुलिस ने यह भी बताया कि, फातिमा ने सूचना प्रौद्योगिकी में बीएससी की है। वहीं उसके पिता का लकड़ी का बी कारोबार है। पुलिस ने बताया कि युवती शिक्षित है लेकिन मानसिक रूप से अस्थिर है, अधिकारी ने बताया कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर शनिवार को एक अज्ञात नंबर से एक मैसेज आया, जिसमें योगी आदित्यानाथ को धमकी दी गई कि अगर आदित्यनाथ 10 दिनों के भीतर सीएम पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उन्हें NCP नेता बाबा सिद्दीकी की तरह मार दिया जाएगा. अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फातिमा खान नाम की महिला ने यह संदेश भेजा था. जिसके बाद मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने उल्हासनगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर महिला का पता लगाया और उसे पकड़ लिया. अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जा रही है. खबरों के मुताबिक 20 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने योगी आदित्यनाथ के महाराष्ट्र आ रहे हैं, जिसके चलते महाराष्ट्र पुलिस अलर्ट पर है. वहीं उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से मुंबई पुलिस पर कई सवाल उठे हैं.
