मणिपुर: जिरीबाम में CRPF ने मार गिराए 10 उपद्रवी, सुरक्षाबलों का एक जवान घायल

मणिपुर के जिरीबाम जिले में कुकी उग्रवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. बोरोबेक्रा सबडिवीजन जिरीबाम के जकुराधोर करोंग में सुरक्षाबलों ने 10 उग्रवादियों को ढेर कर दिया है. इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया है. मणिपुर की इंफाल घाटी में जातीय संघर्ष से प्रभावित है. इसके साथ ही उग्रवादियों ने आतंक मचा रखा है. लगातार खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाकर हमले कर रहे हैं. उग्रवादियों के आतंक की वजह से किसान खौफजदा हैं. वो खेतों में काम करने जाने से भी बच रहे हैं. इंफाल में सोमवार को उग्रवादियों ने पहाड़ियों से गोलीबारी की. इसमें खेत में काम कर रहा एक किसान घायल हो गया. ये लगातार तीसरे दिन किसानों पर हमला है. अधिकारियों का कहना है कि हमलों की वजह से बाहरी इलाकों में रहने वाले किसान अपने खेतों में जाने से डर रहे हैं. इस वजह से फसल की कटाई प्रभावित हो रही है. एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि किसान पर फायरिंग की घटना सुबह करीब 9:20 बजे हुई. कांगपोकपी जिले के पहाड़ी इलाकों से उग्रवादियों ने याइंगंगपोकपी शांतिखोंगबन क्षेत्र में किसानों पर गोलीबारी की. इसमें एक किसान के हाथ में छर्रे लग गए. इसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और जवाबी कार्रवाई शुरू की.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *