मृतका के चाचा ने फांसी पर लटकाने का लगाया आरोप
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। गृहकलह के चलते महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंचा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गाँव अरियारा निवासी निधि राजपूत उम्र 26 वर्षीय पत्नी राहुल कुमार राजपूत अपने पति व बच्चे काव्या, अनुष्का सहित जेठानी रश्मी पत्नी गौतम अपने दो बच्चे कार्तिक, स्वतन्त्र के साथ एक ही घर में रहते है। घर पर अकेली निधि ने सदिग्ध परिस्थितियों में स्टाल से फांसी लगा ली। पड़ोसन सुनीता पत्नी सोवरन जब घर पर आयी, तो निधि को फांसी पर लटका देख उसकी चीख निकल गयी। उसने घटना की जानकारी निधि के ससुर सुरजीत को दी। दोनों ने मिलकर निधि के शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। घटना की सूचना मृतका के मायके जलालाबाद के गांव बगापुर में दी गयी। सूचन मिलने पर मृतका के चाचा ब्रह्मपाल व अन्य परिवारीजनों ने पहुंचकर जमकर हंगामा किया और ससुरालीजनों पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया। घटना की सूचना पाते हल्का इन्चार्ज सुरजीत कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की तथा मृतका के शव का पन्चनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौत की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चर्चा के अनुसार मृतका के पिता विश्राम सहित माँ, भाई शिवम की मौत हो चुकी है। गृह कलह के चलते निधि ने ढाईघाट में कूदने का प्रयास किया था। तब वहाँ पर मौजूद लोगों ने बचा लिया था। इससे पूर्व भी कई बार निधि आत्महत्या करने का प्रयास कर चुकी थी।
गृहकलह के चलते महिला ने फांसी लगाकर दी जान
