राजधानी समेत नोएडा में बारिश, कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार

नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में रविवार शाम झमाझम बारिश हुई. साथ ही ठंडी हवाएं भी चली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इससे पहले मौसम विभाग की तरफ से बारिश होने की संभावना जताई गई थी. साथ ही यह भी कहा गया था कि अगले दो दिन में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. बात अगर दिल्ली की करें, तो यहां कोटा हाउस, अकबर रोड व पंडारा पार्क सहित अन्य इलाकों में बारिश हुई.

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से आने वाली ठंडी हवाएं और एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने रविवार को दिल्ली के लोगों को दिन में ठंड का अहसास कराया। वहीं, बादलों के बीच सूर्य की लुकाछिपी ने लोगों को दिन के समय ठंड का अहसास कराया। ठंडी हवाओं से आमजन बेहाल रहे। ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में ठंड और बढ़ेगी। इसके बाद लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में न्यूनतम तापमान छह डिग्री के आस-पास दर्ज किया जा सकता है। साथ ही, अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है।

दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा में हल्की बारिश

दिल्ली के अकबर रोड, पंडारा पार्क, न्यू अशोक नगर के आस-पास हल्की बारिश हुई। इसके अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम समेत आस-पास में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने के साथ ही प्रदूषण से परेशान लोगों को भी राहत मिलने के आसार है। बारिश की वजह से स्मॉग कम होगा। एयर क्वालिटी में और सुधार आने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *