बिहार के सीवान जिले के सराय थाना क्षेत्र के मखदूम सराय मोहल्ले में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतकों की पहचान मखदूम सराय निवासी खुश मोहम्मद के बेटे सैयद और दूसरे युवक की पहचान फकीरा के रूप में की गई है. इनका शव एक मकान के अंदर से बरामद किया गया है. इस घटना की जानकारी मिलते ही सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, नगर थानाध्यक्ष राजू कुमार और एसडीपीओ अजय कुमार सिंह पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवकों को एक घर में घुसने के बाद पीट-पीटकर मार डाला गया है. पुलिस ने बताया कि यह घटना अनवर अली नामक व्यक्ति के घर में हुई है. जहां युवकों ने कथित तौर पर घर में घुसकर फिरौती की मांग की थी. हालांकि, इस दावे की पुष्टि अभी पुलिस नहीं की है. हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है.
ऑटो में बांधकर भीड़ ने पीट-पीटकर की युवक की हत्या
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। औराई थाना क्षेत्र के राजखण्ड उत्तरी पंचायत के योगिया गांव में एक युवक को तालिबानी सजा दी गई है। ट्रैक्टर चोरी के आरोप में युवक की ऑटो में बांधकर भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। भीड़ से युवक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। कड़ाके की ठंड में रातभर लोग उसकी पिटाई करते रहे। इस कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शम्भू सहनी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, शम्भू अपने चार दोस्तों के साथ ट्रैक्टर चोरी करने आया था। चोरी की भनक मिलते ही ट्रैक्टर के मालिक की आंखें खुल गईं। जोर-जोर से हल्ला करने पर सभी चोर भागने लगे। भगाने के क्रम में शंभू सहनी हत्थे चढ़ गया, जबकि तीन अन्य लोग फरार होने में सफल हो गए। प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना अध्यक्ष अभिजीत अल्केश ने बताया कि युवक के ऊपर ट्रैक्टर चोरी करने के आरोप लगा है। असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर ट्रैक्टर मालिक ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस शंभू साहनी को इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
