स्वामी विवेकानंद जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम सम्पन्न
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। युवाओं की प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन विवेकानंद इंस्ट्ीयूट में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट स्थान रखने वाले युवाओं ने प्रतिभाग किया। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने कहा कि भारतीय संस्कृति, अध्ययन और मानवता के प्रतीक स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्रोत है। युवा हमारे देश का भविष्य है। युवा जिस और चलेगा, हमारा समाज भी उस ओर आगे बढ़ेगा। प्रत्येक युवा को अपने जीवन में समाज से जुड़े कुछ विशेष कार्य करने चाहिए। कवि दिलीप कश्यप ने कहा कि प्रत्येक युवा को अपने जीवन में आगे बढक़र कार्य करने की आवश्यकता होती है। हमारे समाज में विद्यमान बुराइयों को दूर करने के लिए युवा को समाज में अपनी भूमिका देनी चाहिए। रोहित दीक्षित व अन्य लोगों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किये। युवाओं को पीएम मोदी का लाइव टेलीकास्ट प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर नक्श थिएटर के डायरेक्टर अमित सक्सेना व उनकी टीम, नमामि गंगे की टीम एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
युवा हमारे देश का भविष्य है: निहारिका पटेल
