कायमगंज, समृद्धि न्यूज। शीत लहर और ठन्ड को देखते हुए गरीब, असहाय लोगों को ठन्ड से सुरक्षित रखने के लिए अधिशासी अधिकारी लव कुमार मिश्रा ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर अलाव एवं रैन बसेरे के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं चिकित्सालय के आसपास निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि ठन्ड के मौसम में रात के दौरान विशेषकर बेघर मजदूर और दूरदराज के इलाकों से आए हुए यात्रियों के लिए अलाव और रैन बसेरे में जीवन रक्षक साबित होते हंै। शासन का यह प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठन्ड के कारण प्रभावित न हो और जरूरतमंदों को तुरन्त राहत मिले। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अलाव की स्थिति, रैन बसेरे में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कम्बल, साफ-सफाई और वहाँ उपलब्ध सुविधाओं को परखा। इसके साथ ही शौचालय, बिस्तर आंगतुक रजिस्टर इत्यादि सुविधाओं को देखा एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि ठन्ड के दृष्टिगत कोई भी व्यक्ति सडक़ किनारे या खुले आसमान के नीचे न सोए, रैन बसेरे में विश्राम करे। वहाँ पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। रैन बसेरे के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने वहाँ पर रुके लोगों से बातचीत की तथा व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी ली। अधिशासी अधिकारी ने कहा जन मामान्य को शीत लहर से बचाव के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे है। शीत लहर से बचाव के लिए अलाव भी नगर में जलवाए जा रहे हैं। इस दौरान अधिशासी अधिकारी लव कुमार मिश्रा, जेई प्रशान्त कुमार, एसआई अनिल आजाद, सफाई नायक विजेन्द्र, रवि सहित अन्य नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
