मुख्यमंत्री से शिकायत करने पर भी नहीं मिला न्याय तो शुरु किया अनशन
भाई और पिता की भी हत्या का आरोप, सपा, कांगे्रस, बसपा से भी लगायी न्याय की गुहार
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दबंगों ने पुलिस से सांठगांठ कर गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। जिससे वह बेघर होकर खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर है। पीडि़त परिवार ने न्याय पाने के लिए अनिश्चितकालीन अनशन शुरु कर दिया है। पीडित ने योगी सरकार के अलावा विपक्षी पार्टियों से भी मदद मांगी है, लेकिन अभी तक किसी ने उनकी सुद नहीं ली। जिसके बाद कलेक्टे्रट पहुंचकर धरने पर बैठ गये है।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज के ग्राम बेहटा निवासी सतीश चन्द्र ने बताया कि मुकेश पुत्र हीरालाल, सुदेश पुत्र हीरालाल, श्याम सिंह पुत्र बाबूराम, सर्वेश पुत्र हीरालाल, हीरालाल पुत्र नामालून, हीरालाल की पत्नी, ग्राम बेहटा थाना जहानगंज एवं थाना जहानगंज की दो महिला पुलिसकर्मी और चार पांच सिपाही व दारोगा ने मिलकर मेरा आशियाना उजाड़ दिया है। जिसकी शिकायत लिखित, वीडियो, फोटो, व्हाट्सएप के माध्यम से विगत दिनों शासन और प्रशासन के उच्चाधिकारियों से की है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। विवादित जगह को लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन सिटी के यहां मुकदमा विचाराधीन है। मुकेश आदि ने मेरे पिता को 11 जुलाई 2024 को अगवा किया और मथुरा में जाकर हत्या कर दी और भाई की सडक़ हादसे में हत्या कर दी। योगी सरकार से बहुत आशाएं थी कि मेरे साथ अन्याय नहीं होगा, मगर पुलिस और दबंगों मुकेश आदि ने अत्याचार की सारी हदें पार कर दी। मेरी और मेरे परिवार की झोपडि़य़ों को उजाड दिया, जानवरों की हत्या कर दी। गृहस्थी का सामान लूट लिया। पुरानी बनी हुई दीवारें गिरा दी और नव निर्माण शुरू कर दिया। मेरा पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। धरनास्थल पर अधिकारी आते और जाते है लेकिन किसी ने समाधान नहीं किया। थानाध्यक्ष जहानगंज ने पुलिस अधीक्षक को बिल्कुल झूठी एवं मनगढंत रिपोर्ट भेजी है। मेरे पास पुलिस के सामने निर्माण होने आदि घटनाओं के वीडियो है। धरना पर पीडि़त सतीश चंद्र कश्यप, मनोहर, सुशील, निर्मला, किरन, सोनू, अरविन्द, अर्जुन, माधुरी, छोटू, मनोरमा, प्रशान्त, अनुष्का, रेनू बैठे है।
दबंगों ने पुलिस से मिलकर गरीब का उजाड़ा आशियाना
