महाकुंभ: प्रयागराज संगम स्टेशन को अगले आदेश तक बंद, लगी वाहनों की कतार

वसंत पंचमी के बाद रविवार को लगातार पांचवें दिन शहरी व श्रद्धालु भीषण जाम से कराहते रहे। हालात यह रहे कि चौतरफा जाम से शहर में त्राहिमाम रहा तो जनपदीय इंट्री प्वाइंटों पर भी भीषण जाम लगा। मुख्य मार्ग चोक होने पर शहरों में गलियां भी पट गईं तो सीमा पर फंसे श्रद्धालुओं के भी पसीने छूट गए। यहां ग्रामीण इलाकों में सुबह से रात तक 10-10 किमी तक एक के पीछे एक वाहन लगे रहे।

प्रयागराज में महाकुंभ की वजह से भीड़ बढ़ रही है। इस बीच एक बड़ा फैसला लिया गया है। बढ़ती भीड़ के बाद प्रयागराज संगम स्टेशन को अगले आदेश तक बंद किया गया है। बता दें कि प्रयागराज संगम स्टेशन, संगम से सबसे नजदीक है। स्टेशन की कुल क्षमता 1000 से 2000 लोगों की है लेकिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से स्टेशन को बंद कर दिया गया है। हालांकि ट्रेनों का परिचालन नहीं रोका गया है। 

जवानों की तैनाती बढ़ाई गई

सभी स्टेशनों पर RPF के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों को स्टेशन पर ही रहने के लिए आदेश दिया गया है, जिससे क्राउड मैनेजमेंट हो सके। आज 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनों को चलाया जा चुका है। रात तक करीब 200 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

बालसन चौराहे पर भीषण जाम

शहर के बालसन चौराहे की स्थिति और भी भयावह है। पुलिस गली और मोहल्ले के रास्तों पर भी बैरिकेडिंग लगा दिया है। बेकाबू यात्री बैरिकेडिंग तोड़कर गुजरने के लिए बाध्य हो जा रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर ट्रकों को खड़ा कर दिया है। जाम में फंसे लोग लचर व्यवस्था के चलते घनचक्कर बने हुए हैं। पुलिस किसी न किसी सड़क की ओर मोड़ दे रही है, जिससे यात्री  संगम न पहुंचकर शहर के दूसरे हिस्से में पहुंच जा रहे हैं। शनिवार रात में सिविल लाइंस हनुमान मंदिर चौराहा, बालसन, अलोपीबाग, झूंसी सहित कई जगहों पर भीषण जाम लगा रहा। यह स्थिति रविवार को पूरे दिन बनी रही है।

दिनभर जाम से जूझते रहे लोग

रविवार को सुबह से ही सडको पर गाडियो के कतार लगने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे स्थानीय लोगों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पडा। करछना-कोहडार मार्ग, प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग, साधुकूटी-जारी मार्ग पर कई बार घंटों जाम से लोग जूझते रहे। पुलिस को भी जाम खोलवाने के लिए दिनभर भारी मशक्कत करनी पडी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उडीसा, गुजरात, महाराष्ट आदि प्रदेशो की गाडियो का डावर्जन करछना की ओर होने से यह स्थिति उत्पन्न हो गई। साथ ही संगम स्नान करने के लिए लोगों को जुनून देखते बन रहा था। लोग हर हाल में कुंभ में संगम स्नान का पुण्य प्राप्त करने के लिए कृतसंकल्पित नजर आ रहे है। उधऱ स्थानीय साधुकूटी चौराहे पर सडक की पटरियों पर लगी फल की दुकान से भी जाम की स्थित उत्पन्न हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *