विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये दिशा निर्देश
सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनायें धरातल पर दिखनी चाहिए
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मंत्री/प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें आलाधिकारियों के अलावा लगभग सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रभारी मंत्री द्वारा 05 दिव्यांगजनों अरविंद, नगमा बेगम, अरुण कनौजिया, अजयपाल व जगमोहन को ट्राई साइकिल प्रदान की व निर्देशित किया कि जनपद में एल्मिको का कैम्प लगाकर उपकरणों को वितरित कराया जाये। तत्पश्चात उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उजाला प्रेरणा संकुल समिति खुदागंज कमालगंज, बालाजी महिला स्वयं सहायता समूह कीरतपुर, हाजी बाबा महिला स्वयं सहायता समूह बढ़पुर को 06 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट की प्रतीकात्मक चेक उपलब्ध कराई गई। विद्युत सखी सलोनी व धनश्री को नि:शुल्क प्रिंटर उपलब्ध कराया गया। फयाजुल पुत्र हसन खाँ, साबिर खाँ पुत्र खुर्शीद अहमद को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास की चाबी उपलब्ध कराई गई। तत्पश्चात रामसेवक व मीना बेगम को वृद्धावस्था पेंशन के स्वीकृति पत्र मंत्री द्वारा प्रदान किये गये। इसके बाद कृषि विभाग के द्वारा 05 किसानों को नि:शुल्क उर्द का बीज उपलब्ध कराया गया। इसके बाद मंत्री द्वारा 07 विद्यार्थियों आकांक्षा, काजल, प्रियंका, ज्योति बाथम, आकांशा मिश्रा, स्वाति व सरस्वती शाक्य को टैबलेट प्रदान किये गये।
समीक्षा में मंत्री द्वारा विगत समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। मंत्री द्वारा निर्देशित किया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत रीस्टोर की गई गलियों की सूची जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाये व उसकी क्रॉस चेकिंग कराई जाये। विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि आउटसोर्सिंग पर तैनात कोई भी कार्मिक अपने गृह फीडर पर तैनात नहीं रहेगा। गलत मीटर रीडिंग करने वाले लाइनमैनों के खिलाफ की गई कार्यवाही की रिपोर्ट सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये। विद्युत विभाग द्वारा विद्युतीकरण के लिये चिन्हित किये गये 74 मजरों की सूची विधानसभावार बनाकर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के लिये निर्देशित किया गया।
जनप्रतिनिधियों द्वारा कृषि विभाग द्वारा स्थापित किये गये सोलर पम्पों में कम पावर की मोटर लगाये जाने की शिकायत की गई। जिस पर मंत्री द्वारा जाँच के आदेश दिये गये। जायद की फसल के पहले मृदा परीक्षण के लिये मंत्री द्वारा कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया। आगामी सत्र में वृक्षारोपण के लिये जगह का चिन्हीकरण करने के लिये व पिछले 10 वर्षो में तैयार वनों की सूची वन विभाग को उपलब्ध कराने के लिये निर्देशित किया गया। मंत्री द्वारा तालाबों, चरागाहों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाकर कब्जा मुक्त कराने के लिए निर्देशित किया गया। उपनिदेशक पर्यटन को नीबकरौरी में पर्यटन सुविधा के विकास के लिये पी0डब्लू0डी0 के साथ मिलकर स्थलीय निरीक्षण करने के लिये निर्देशित किया। मंत्री द्वारा जिलाधिकारी को सभी विभागों की मासिक समीक्षा करने के लिये निर्देशित किया गया। मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार जनसमस्याओं का सही तरीके से समाधान हो, विकास की योजनायें धरातल पर उतर सकें, सरकार की योजनाओं का बेहतरीन तरीके से पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ पालन हो। सभी लोग निरंतरता व सकारात्मकता के साथ कार्य करे। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक सदर सुनीलदत्त द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि कायमगंज, जिलाध्यक्ष भाजपा रुपेश गुप्ता, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तालाबों, चरागाहों की जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाये-जयवीर सिंह
