फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिनों पांचाल घाट पर गंगा स्नान करते समय दो चचेरे भाई डूब गये थे। जिनकी गोताखोर तलाश कर रहे थे। सोमवार को पांचवें दिन एक युवक का शव बरामद हुआ। शव बाहर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम चौकी महमदपुर निवासी 18 वर्षीय विवेक पुत्र अशोक व चचेरा भाई 18 वर्षीय मोहित पुत्र संतराम परिवार के साथ गंगा स्नान करने पांचाल घाट आया था। 13 फरवरी दिन गुरुवार शाम करीब 4 बजे गंगा स्नान करते समय दोनों युवक अचानक गहरे पानी में डूब गए थे। विवेक को डूबता देखकर मां अन्नपूर्णा ने भी गंगा नदी में छलांग लगा दी थी और वह भी डूबने लगी थी। इस दौरान स्टीमर संचालक ने अन्नपूर्णा को डूबने से बचा लिया था, लेकिन दोनों युवक विवेक और मोहित डूब गये थे। जिनकी गोताखोर तलाश कर रहे थे। सोमवार को पांचवें दिन ग्राम भोजपुर के पास युवक मोहित पुत्र संतराम का शव गोताखोरों ने गंगा नदी से बरामद कर लिया। शव बाहर आते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। सूचना पर पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंच गये और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दौरान सूचना मिलने पर कादरीगेट थानाध्यक्ष आमोद कुमार भी पहुंच गये और जांच पड़ताल की। वहीं दूसरे डूबे युवक को तलाश करने के लिए गोताखोर प्रयास कर रहे है।
गंगा में डूबे दो चचेरो भाईयों में से एक का पांचवें दिन शव बरामद
