केंद्रीय कारागार में भी कैदी कर रहे महाकुम्भ जैसा स्नान

त्रिवेणी से लाये गये जल को बनाये गये कुंड की पूजा अर्चना कर किया गया समर्पित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कैदियों को महाकुंभ से लाए गए गंगाजल से स्नान कराने का विशेष महाअभियान को चलाया गया। योगी सरकार की पहल पर शुक्रवार को सभी जेलों में अस्थाई तालाब बनाकर उसमें संगम से लाए गए गंगाजल को डाला गया फिर सभी कैदियों ने उसमें आस्था की डुबकी लगाई।
प्रदेश शासन एवं कारागार मुख्यालय के निर्देशानुसार केन्द्रीय कारागार फतेहगढ़ में महाकुम्भ प्रयागराज से मंगाये गये त्रिवेणी संगम के जल की कलश स्थापना, पूजन-अर्चन कराने के पश्चात संगम के जल से बंदियों के स्नान के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कारागार के विशेवाहक को महाकुम्भप्रयागराज भेज कर त्रिवेणी संगम से जल मंगवाया गया। शुक्रवार को कारापाल ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ संगम से लाये गये जल का विधिवत पूजन अर्चन किया गया। कारागार में निरूद्ध बन्दियों द्वारा त्रिवेणी के पवित्र जल से स्नान किया गया। संगम के पावन जल से स्नान करने के पश्चात बंदी अभिभूत दिखाई दिये। महाकुंभ में जिस तरह का उत्साह देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के अंदर देखा गया ठीक उसी तरह का उत्साह और माहौल शुक्रवार को केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में दिखायी दिया। कैदी कतार में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कैदी हाथ जोड़ अस्थाई बनाए गए तालाब के किनारे पहुंचकर हर-हर गंगे और हर-हर महादेव का उद्घोष कर रहे थे। गंगा स्नान को लेकर के कैदियों के अंदर गजब का उत्साह दिखाई दिया। जेलों में महाकुंभ जैसा माहौल दिखायी दिया। कैदियों को जिस अस्थाई तालाब में नहलाया गया उसके चारों तरफ पहले सजावट की गई थी, तालाब में गुलाब की पंखुडिय़ां और अन्य पुष्प डाले गए।
महाकुम्भ से लाये गये त्रिवेणी के कलश पूजन एवं स्नान के अवसर पर करूणेन्द्र कुमार यादव कारापाल, रवीन्द्र सिंह यादव कारापाल, सुधाकर राव गौतम उपकारापाल, कृष्ण कुमार उपकारापाल, जयप्रकाश सिंह उपकारापाल समेत कारागार के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *