दो डिप्टी सीएम, दो मंत्री सहित कई प्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा होगी दॉव पर

*टॉउन हाल पर कमल न खिल पाने का टूट पायेगा मिथक?
*मतदान खत्म होते ही स्कार्पियों पर दिखायी दिये साहब फकीर
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
भारतीय जनता पार्टी नगर पालिका सदर की प्रत्याशी को जिताने के लिए दो उपमुख्यमंत्रियों, दो कैबिनेट मंत्री सहित जन प्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है। पहले तो पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगाया। अब परिणाम को प्रभावित करने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगाये हुए है। आज होने वाली मतगणना से मालूम पड़ेगा कि कौन कितने पानी में है।
नगर पालिका परिषद् फर्रुखाबाद की कुर्सी पर अब तक के इतिहास में कोई भी भारतीय जनता पार्टी का चेयरमैन नहीं बैठ पाया। इस मिथक को तोडऩे के लिए भाजपा के कद्दावर नेता रहे स्व0 ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने भी अपने समय में काफी जोर लगाया, लेकिन कामयाब नहीं हुए। जब से नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव शुरु हुआ है, तब से एक बार भी टॉउन हॉल पर कमल नहीं खिल सका। इस बार भी भाजपा ने अपने प्रत्याशी को जिताने के लिये ऐड़ी चोटी का जोर लगाया। यहां तक की प्रदेश सरकार के दो-दो उपमुख्यमंत्रियों ने सभा व रोड शो किए। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने भ्रमण करके वैश्य समाज को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जुटाने का काम किया था व प्रभारी मंत्री, सांसद, चारों विधायक, एक एमएलसी ने सभी कमल खिलाने के लिए ताकत झोंक दी। मतगणना मेें शनिवार को मालूम होगा कि यह लोग अपनी कोशिश में कामयाब होकर क्या इतिहास के मिथक को तोड़ पाएंगे?
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार टिकट संगठन को देते हुए जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की मां सुषमा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया था। उनको जिताने के लिए भाजपाईयों ने पूरी ताकत झोंक दी। मौर्य, शाक्य, सैनी समाज को लुभाने के लिए प्रदेश के उमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ऐतिहासिक गुडगांव देवी मंदिर के प्रांगण में जनसभा की। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में ब्राह्मण मतदाताओं को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश के दूसरे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रोड शोर किया। यहां तक कि दूसरे किसी अन्य प्रत्याशी को रोड शो नहीं करने दिया गया। सांसद मुकेश राजपूत, चुनाव प्रभारी मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के अलावा विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी ने भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरा जोर लगा दिया कि किसी भी प्रकार से टॉउन हॉल पर कमल खिल जाए। इसके लिए तमाम लुभावने विकास के वायदे नेताओं ने दिल खोलकर किए। कुल मिलाकर कहे तो भाजपा सदर सीट के लिए दो उपमुख्यमंत्रियों समेत प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, सांसद, विधायकों की साख दावं पर लगी हुई है। अब देखना है कि नगर पालिका का ऊंट किस करवट बैठेगा यह निर्णय 13 मई को देर शाम तक आने वाले चुनाव परिणाम तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *