कायमगंज, समद्धि न्यूज। जनपद कासगंज थाना पटियाली क्षेत्र के गाँव अजीजपुर निवासी देवेन्द्र पुत्र हवलदार अपने साथी अर्जुन पुत्र सेवासम तथा कम्पिल थाना क्षेत्र के गाँव मेंदपुर निवासी नीतू व ब्रजेश पुत्रगण रामकिशन बाइक द्वारा गाँव मेंदपुर के शनीपाल की बहन की शादी में शामिल होने कायमगंज क्षेत्र के रायपुर खास गेस्ट हाउस में गये थे।
वहाँ से दावत खाकर वापस लौटते समय गॉव मेंदपुर व रायपुर के बीच में उनकी बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। जिससे बाइक सवार चारों लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। आसपास के लोगों की मदद से चारों घायलों को पुलिस द्वारा कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती कराया गया। जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर होने पर चारों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में देवेन्द्र पुत्र हवलदार की मौत हो गई। मौत की सूचना पाते ही परिजनो में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गुडिय़ा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के नौ महीने का एक बेटा है। मृतक पेशे से मजदूर था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
बाइक ट्रैक्टर से टकराई, चार घायल, एक की मौत
