फुफेरे भाई सहित तीन गिरफ्तार, सर्विलांस से हुआ घटना का खुलासा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते लगभग एक सप्ताह पूर्व से लापता हुए युवक का शव जमीन में दफन मिला। पुलिस ने शव को बरामद कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में गला रेंतकर हत्या किये जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस नें मृतक के फुफेरे भाई सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बीते 19 अप्रैल की रात को जनपद हरदोई के पाली कुआंडांडी निवासी सुनील कुमार का पुत्र दीपक कुमार अचानक गेंहू की रखवाली करते समय भरखा चौराहे से गायब हो गया था। सुनील ने अपने भांजे श्याम वीर पुत्र राधाकृष्ण निवासी सवितापुर के खिलाफ दीपक की हत्या करने का शक जाहिर किया था। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को आरोपी श्यामवीर ने बताया कि उन्होंने दीपक की हत्या कर शव सुन्दरपुर कटरी में गंगा में प्रवाहित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने दो चरणों में गंगा में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश की लेकिन शव नहीं मिला। जब पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया तो दो युवक और संदेह के घेरे में आये। पुलिस ने दोनों युवक को हिरासत में ले लिया। दोनों श्यामवीर के दोस्त हैं। जब पुलिस ने श्यामवीर के दोनों दोस्तों से पूछताछ की तो उनकी निशानदेही पर सुंदरपुर कटरी से जमीन में दफन दीपक का शव बरामद कर लिया। दीपक का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की माँ सुनीता देवी आदि का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक पांच भाईयों से सबसे बड़ा था। सीओ अजय वर्मा, प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह सोलंकी, फिल्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दीपक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किये जाने की पुष्टि हुई। शव की कमर व दाहिने हाथ में भी रस्सी बंधी थी। सीओ अमृतपुर अजय वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी श्यामवीर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक सप्ताह पूर्व गायब हुए युवक का सुंदरपुर कटरी से बरामद हुआ शव
