Headlines

मक्का के खेत में पड़ा मिला वृद्ध महिला का शव

परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या करने का आरोप
फील्ड यूनिट टीम ने पहुंचकर नमूने एकत्रित किए
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेजा
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। मक्का के खेत मेंं महिला का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने पर फील्ड यूनिट टीम ने नमूने एकत्र किये। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने गला दबाकर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस कई बिन्दुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मंझा में मंगलवार की सुबह 70 वर्षीय वृद्ध महिला का शव मक्के के खेत में पड़ा मिला। घटना के संबंध में बताया गया है कि मृतका चंद्रकली पत्नी स्व0 बटेश्वर सिंह यादव के तीन पुत्र वीरभान, अनंगपाल तथा राम सिंह हैं। ग्रामीणों की मानें तो मृतक महिला चंद्रकली के पति की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। महिला झोपड़ी डालकर गांव से बाहर रह रही थी, जबकि खाना पुत्रों के घर पर खाती थी। पुत्र राम सिंह ने बताया शाम को खाना खाने के बाद मां चंद्रकली झोपड़ी पर सोने चली गई थी। उन्होंने बताया सुबह होने पर जब मां घर नहीं पहुंची, तो उनकी खोजबीन की गयी। जब झोपड़ी के अंदर पहुंचे तो मां नहीं थी, बल्कि उसकी टूटी हुई चूडिय़ां पड़ी थीं और घसीटे जाने के निशान बने हुए थे। संदेह होने पर खोजबीन की गई। मृतक महिला के नाती सुरजीत ने परिजनों के साथ मक्के के खेत में खोज की, तो वहां मृतका चंद्रकली का शव पड़ा हुआ था। शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। मृतक महिला के पुत्र वीरभान ने बताया कि मां चंद्रकली की नाक में फूल तथा कुंडल नहीं थे, जबकि पैरों में पायल थीं तथा शरीर पर चोटों के निशान थे। मृतक महिला के पुत्र वीरभान ने महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया घटना की सूचना शमशाबाद थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर सूचना उच्चाधिकारियों को दी। वहीं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिले से आई फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर नमूने एकत्रित किए। उधर शमशाबाद थाना पुलिस ने फौरी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र वीरभान ने पुलिस को तहरीर दी। वहीं पुलिस का कहना था कि सूचना मिली थी। पुलिस को भेजा गया था। मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *