अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी ने अपने पैतृक गांव अमृतपुर में भारत दास बाबा के स्थान तक अपनी विधायक निधि से निर्मित सडक़ का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के बुजुर्गों और युवाओं से संवाद करते हुए अमृतपुर क्षेत्र में निरंतर विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया।
प्रांशु दत्त द्विवेदी ने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या है तो वे सीधे संपर्क करें। वे उस समस्या को प्राथमिकता पर लेकर तहसील से लेकर प्रदेश स्तर तक समाधान कराने का प्रयास करेंगे। इस दौरान अमृतपुर निवासी गोपाल सक्सेना ने अमृतपुर तहसील मुख्यालय से अमृतपुर बस स्टॉप तक विद्युत लाइन बिछाने की मांग रखी। जिससे सडक़ किनारे दुकानों पर रोशनी की व्यवस्था हो सके और चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगे। इस पर उन्होंने तुरंत विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात कर कार्यवाही के निर्देश दिए। भाजपा नेता अनुराग सिंह ने अमृतपुर पावर हाउस की क्षमता बढ़ाने की मांग की। जिस पर भी विचार का आश्वासन दिया गया। प्रांशु दत्त द्विवेदी ने यह भी घोषणा की कि अमृतपुर क्षेत्र में एक स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। जिसके लिए उपयुक्त स्थल की तलाश की जा रही है। वहीं बीते एक माह में क्षेत्र में हुई दुखद घटनाओं पर उन्होंने पीडि़त परिवारों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी, अमृतपुर प्रधान सचिन देव तिवारी, संदीप तिवारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज मिश्रा, लीलापुर प्रधान रिंकू सिंह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने किया सडक़ का लोकार्पण
