चेयरमैन को पिछली साल ही समस्या से करा दिया गया था अवगत
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नगर में मंगलवार की रात व गुरुवार को तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन वहीं मुसीबत भी आ गई। बारिश के बाद कई मोहल्ला की गलियों में पानी भर गया। इसमें सबसे ज्यादा बुरा हाल नगर के मोहल्ला बरतल से मंझना रोड की तरफ जाने वाली सडक़ का है। यहां सडक़ के दोनों किनारे बारिश के पानी से पूरी तरह डूब जाते है। जिससे सडक़ पर पानी भर जाता है। यह एक दिन की समस्या नहीं है, बल्कि सालों से चली आ रही है। यहां के लोग बताते हैं कि इस रास्ते पर हर साल पानी भर जाता है। जब बारिश नहीं होती तब भी यहां जलभराव रहता है। जब भी बारिश होती है तो सडक़ पानी से डूब जाती है। जिससे सडक़ भी तालाब में तब्दील हो जाती है। मोहल्ले वासियों का कहना है कि इस पानी भरी सडक़ से निकलते समय कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हंै। इस मोहल्ले में दो वार्ड लगते है। मोहल्लेवासियों ने इस समस्या से निजात पाने के लिए अपने वार्ड के सभासदों को अवगत कराया, लेकिन सभासदों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और न ही इस समस्या से छुटकारा दिलाया। यहां के एक निवासी ने बताया कि कई घरों के लोग जलभराव की वजह से अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। छोटे बच्चों को लेकर तो और भी डर बना हुआ है, क्योंकि पानी इतना ज्यादा है कि बच्चे गिर जाएं तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उन्होंने हर वर्ष इस समस्या को लेकर नगर पंचायत कार्यालय से शिकायत की, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। न तो कोई आकर देखता है और न ही कोई हल निकालता है। हल्की सी बारिश होते ही पानी सडक़ों पर भर जाता है। बारिश के बाद हालात इतने खराब हो जाते हैं कि सडक़ें तालाब जैसी दिखने लगती हैं। वार्ड नंबर 13 के सभासद ब्रजमोहन ने बताया कि इस संबंध में चेयरमैन अनिल राजपूत को पिछली बरसात के मौसम में कई बार सूचना दी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। वार्ड नंबर 14 के सभासद प्रतिनिधि अनिल शाक्य का भी यही कहना है। आज फिर वह इस बारे में चेयरमैन को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराएंगे। जब इस संबंध में चेयरमैन अनिल राजपूत से जानकारी करने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने फोन काट दिया।
तालाब बनी मोहल्ला बरतल से मंझना की ओर तरफ जाने वाली सडक़
