नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नवाबगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत बिजौरी के निवासियों ने नवाबगंज खंड विकास कार्यालय पहुंचकर सहायक विकास अधिकारी सुखदेश कुमार को एक मांग पत्र दिया है। इसमें उन्होंने अपनी ग्राम पंचायत की सडक़ के निर्माण की मांग की है। जो ब्रह्म सिंह जाटव के घर से अरुण कुमार के घर तक जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस गली में कीचड़ और पानी भरा रहता है। जिससे आवागमन में काफी कठिनाई होती है। गली में कीचड़ और पानी भरने से लोगों को कई प्रकार की बीमारियों का सामना करना पड़ता है। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और विद्यार्थियों को निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पंद्रह वर्षों से अब तक इस गली का निर्माण नहीं करवाया गया है और कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ग्रामीण हरिओम, राम पाल, राधा कृष्ण, विजय, राजवीर, शिवम, संतराम, रमेश आदि ग्रामीणों ने मांग की है कि इस गली का निर्माण कार्य जल्द से जल्द करवाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में आसानी हो और बीमारियों से बचा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या का समाधान चाहते हैं और इसके लिए वे प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा करते हैं। वहीं ग्राम विकास अधिकारी प्रवीन कुमार से जब बात की गयी, तो उन्होंने बताया कि बजट न होने की वजह से निर्माण कार्य नहीं हो सका।
