कन्नौज: एक ही रात चोरों ने पांच घरों को बनाया निशाना, 50 लाख के जेवरात व नगदी की पार

कन्नौज, समृद्धि न्यूज। कन्नौज के एक गांव में बीती रात चोरों ने 5 घरों में निशाना बनाया। सो रहे परिजनों को बाहर से कुंडी लगाकर चोरों ने कमरे में बन्द कर दिया और फिर दूसरे कमरों में चोरी की। वहीं 2 घरों में चोरी का प्रयास किया, लेकिन कुत्तों के भौंकने पर चोर वहां से भाग निकले।
जब सुबह घर में सोने वालों ने बाहर से कुंडी बंद पाई तो दूसरे सदस्यों को बुलाकर कमरे खुलवाये। कमरे खुलने के बाद अलमारियां और बक्से टूटे देख चोरी की जानकारी हुई। करीब 50 लाख की इस चोरी की जानकारी मिलते ही डॉग स्कवायड और फॉरेन्सिक टीम ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की।

जानकारी के मुताबिक, कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भुर्जानी गांव में देर रात चोरों संजीव, सतेंद्र, उपेंद्र, ब्रजकिशोर, अवधेश के घर में घुसकर करीब 50 लाख कीमत के जेवर और नगदी चोरी कर ली। चोरों ने इस बार बंद घरों को निशाना न बनाकर ऐसे घरों को निशाना बनाया जहां रहने वाले उसमें मौजूद थे और गहरी नींद सो रहे थे। अवधेश बाहर रहकर नौकरी करता है। घर में उसकी पत्नी संजू देवी अकेली थीं, संजू के भी लाखों कीमत के जेवर चोरी हुए हैं। 50 लाख की चोरी की जानकारी मिलते ही सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय डॉग स्क्वायड और फॉरेन्सिक टीम के साथ भुर्जानी गांव पहुंच गए और जांच पड़ताल की।
वहीं संजीव, सतेंद्र और ब्रजकिशोर ने बताया कि चोरों ने तीनों भाइयों के घर से सोने के तीन हार, 6 कंगन, 4 चैन, 3 जोड़ी पायल, 12 अंगूठी, आधा किलो चांदी के सिक्के और 4 लाख कैश पार कर दिया।

वहीं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पांच घरों में एक साथ हुई चोरी को लेकर योगी सरकार को घेरा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है भाजपा राज में चौपट कानून-व्यवस्था का एक और समाचार: कन्नौज के ग्राम भुरजानी पोस्ट जसोदा में चोरों द्वारा 5 घरों में घुसकर लाखों रुपए की नगदी व जेवरात की चोरी। इन चोरियों का राज़ भी बँटवारे की लड़ाई से खुलेगा, पुलिस की कार्रवाई से नहीं। भाजपा जाए, तो क़ानून.व्यवस्था आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *