युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खड़े किये कई सवालिया निशान

कहीं ऑनर किलिंग के चलते तो नहीं की गयी युवती की हत्या ?
कई युवकों से चल रहा था प्रेम प्रसंग, रात में परिजनों ने किया दाह संस्कार
देर रात्रि पुलिस ने युवती के परिजनों को उठाया, की जा रही पूछताछ
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बीते दिन युवती का शव एक तालाब में पड़ा पाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण गला दबाकर हत्या करना दर्शाया गया है। ऐसे में युवती की मौत कई सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल परिजन घटना को खुलकर बताने से कतरा रहे हैं। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि घटना ऑनरकिलिंग की ओर इशारा कर रही है, क्योंकि युवती का प्रेम प्रसंग कई युवकों से चल रहा था। जिससे परिजन युवती से आजिज आ चुके थे। ऐसे में परिजनों ने युवती को रास्ते से हटाना ही उचित समझा। फिलहाल पुलिस कई बिन्दुओं से मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज के मोहल्ला पटवन गली निवासी सोबरन सिंह राज मिस्त्री का कार्य नोयडा में करता हैं। सोबरन की 20 वर्षीय पुत्री कीर्ति बीते रविवार को घर से निकली थी। वह मोहम्मदाबाद क्षेत्र के एक डिग्री कालेज में पढ़ाई कर रही थी। उसका शव 6 जुलाई की रात राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इटावा-बरेली हाईवे पर महमदपुर गढिय़ा पुल के नीचे तालाब में उतराता मिला था। मामले में पुलिस बीते दिन अभिलेखीय कार्यवाही पूर्ण नहीं कर पायी। जिससे देर रात लगभग दो बजे जिलाधिकारी के आदेश पर कीर्ति के शव का पोस्टमार्टम डॉ0 गौरव यादव, डाण्0 नवनीत कुमार व महिला चिकित्सक डॉ0 जूली पाल के पैनल से किया गया। जिसके कीर्ति के चेहरे पर तीन चोट के निशान मिले। वहीं मिली जानकारी के मुताबिक उसकी हत्या नाक, मुंह, दबाकर किये जाने की पुष्टि हुई। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी गयी है। थानाध्यक्ष राजेपुर नवींन कुमार ने बताया कि अभी जाँच की जा रही है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवती का कई युवकों से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह कई-कई दिनों तक घर से गायब रहती थी। परिजनों की बात न मानने पर परिजन उससे पूरी तरह से खिलाफ थे। वहीं युवती की मौत से एक दिन पूर्व ही उसका भाई दिल्ली से घर आया था। जब भाई से जानकारी करनी चाही, तो उसने सीधा जवाब न देकर गोलमोल जवाब दिया। जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। वहीं युवती के शव का रात्रि में ही दाह संस्कार करना भी अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है, जबकि मोहल्लेवासी शव आने का इंतजार करते रहे। वहीं परिजनों के चेहरों पर ऐसे भाव भी नहीं प्रकट हो रहे हैं, जिससे यह महसूस हो सके कि उनके घर में मौत हुई हो। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस कई बिन्दुओं पर जांच कर रही है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात्रि में राजेपुर पुलिस ने मृतक युवती के परिवार के चार लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *