प्लास्टिक का प्रयोग पर्यावरण के लिए सर्वाधिक घातक: डॉ0 सुनील गुप्ता

पर्यावरण दिवस पर मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक कालेज का सरस्वती शिशु मंदिर सेनापति में जागरूकता शिविर
शिविर में उपस्थित दो सैकड़ा से अधिक बच्चों को प्लास्टिक का प्रयोग न करने की दिलाई गई शपथ

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विश्व पर्यावरण दिवस पर मेजर एस0डी0 सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल बेवर रोड के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मन्दिर सेनापति स्ट्रीट में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में आए दो सैकड़ा से अधिक छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया और प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
शिविर को सम्बोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि प्लास्टिक का चलन बढ़ता जा रहा है, जो कि बहुत ही चिन्ता का विषय है। प्लास्टिक पर्यावरण के लिए सर्वाधिक हानिकारक है, क्योंकि इसे नष्ट नहीं किया जा सकता। बच्चों को जागरूक करते हुए प्राचार्य डा0 गुप्ता ने कहा कि प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करना चाहिए। लोग बचा हुआ खाना और सब्जी की छीलन आदि प्लास्टिक की थैलियों में भरकर कचरे में फेंक देते हैं। जिसे गाय आदि जानवर प्लास्टिक सहित खा लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक नष्ट नहीं होती है, इस कारण प्लास्टिक जानवरों के पेट में बनी रहती है। जिसकी मात्रा बढऩे पर जानवरों को भूख लगना बंद हो जाती है और पेट में प्लास्टिक होने और कुछ न खा पाने के कारण उनकी बाद में दर्दनाक मौत हो जाती है। उन्होंने कहा कि गंगा जी में भी लोग पूजन की सामग्री प्लास्टिक सहित प्रवाहित कर देते हैं, यह प्लास्टिक नदियों में मछलियों के स्वास्थ्य पर बहुत बुरा प्रभाव डालती है। अन्त में विद्यालय में उपस्थित सभी बच्चों एवं वहां के विद्यालय स्टाफ व संस्कार भारती कार्यशाला के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्लास्टिक का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई गई। महाविद्यालय के प्रो0 डॉ0 अंकुर सक्सेना ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाये रखने में वृक्षों का बहुत महत्व है। वृक्षों की संख्या कम होने से प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है। गर्मी में बहुत ज्यादा गर्मी होने लगी है और सर्दी में बहुत ज्यादा सर्दी पड़ती है, इसके अलावा प्राकृतिक संतुलन बिगडऩे बरसात भी अपने समय पर नहीं होती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संतुलन बना रहे इसके लिए वृक्षों होना बहुत जरूरी है। महाविद्यालय के प्रो0 डॉ0 अरुण कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बच्चों को बहुत ही रोचक तरीके से पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा किन-किन चीजों से पर्यावरण को हानि पहुंचती है, उसके बारे में अवगत कराया। जागरूकता शिविर में महाविद्यालय के बृजेश दीक्षित एवं संस्कार भारती के परामर्शक एवं प्रसिद्ध कवि रामऔतार शर्मा (इन्दु), अध्यक्ष डॉ0 नवनीत गुप्ता, कोषाध्यक्ष अर्पण शाक्य, संयोजिका साधना श्रीवास्तव आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

महाविद्यालय में भावी चिकित्सकों ने किया पौधरोपण
फर्रुखाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में प्राचार्य डॉ0 सुनील गुप्ता एवं द्रव्यगुण विज्ञान के प्रवक्ता डॉ वेदप्रकाश के निर्देशन में पौधरोपण कराया गया।
महाविद्यालय के सेंट्रल ग्राउंड में प्राचार्य डॉ0 सुनील गुप्ता के निर्देशन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने केंद्रीय मैदान में औषधीय गुण वाले पौधे रोपे। हर्बल गार्डन में विभिन्न रोगों के इलाज में रामबाण कहे जाने वाले औषधीय पौधों का रोपण किया। यद्यपि द्रव्यगुण विज्ञान के प्रोफेसर डॉ0 वेदप्रकाश की सक्रियता के चलते हर्बल गार्डन में औषधीय गुणों से भरपूर पौधों की भरमार है। भावी चिकित्सकों ने पौधरोपण के साथ उनकी प्रतिदिन देखरेख करने एवं उनके आत्मनिर्भर होने तक उनमें खाद पानी का ध्यान रखने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ0 सुनील कुमार गुप्त के साथ डॉ0 अंकुर सक्सेना, डॉ0 मुकेश कुमार विश्वकर्मा, डॉ0 वेदप्रकाश आदि आयुर्वेदाचार्यों सहित छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *