पटना एयरपोर्ट पर टल गया बड़ा हादसा, विमान का रनवे ओवरशूट

समृद्धि न्यूज। पटना एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से आ रहे विमान को रनवे ओवरशूट का सामना करना पड़ा। पायलट ने सूझबूझ से विमान को अनियंत्रित होने से बचा लिया। उन्होंने फौरन गो-अराउंड प्रक्रिया अपनाई और विमान को फिर से सफलतापूर्वक लैंड करवा लिया। इस मामले में पटना एयरपोर्ट के छोटे रनवे को लेकर फिर सवाल खड़ा कर दिया है।
दिल्ली से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2482 मंगलवार की रात पटना एयरपोर्ट पर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। दरअसल, विमान ने रनवे पर उतरने के दौरान रनवे को टच किया, लेकिन लैंडिंग के लिए तय टच पॉइंट से थोड़ा आगे निकल गया। पायलट को लगा कि बची हुई रनवे की लंबाई में वो विमान को रोक नहीं सकेगा। ऐसे में पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए रनवे को टच करने के तुरंत बाद विमान को ऊपर उठा लिया। फिर हवा में दो-तीन चक्कर लगाने के बाद रात 9 बजे वापस सुरक्षित लैंडिंग करा ली। इस दौरान विमान में 173 यात्री सवार थे। पटना एयरपोर्ट का रनवे अपेक्षाकृत छोटा है। इसलिए विमान की गति रनवे पर नियंत्रित नहीं रह पाती। रनवे लंबा करने के लिए आसपास की सरकारी जमीन को लेने की कवायद पिछले कुछ दिनों से चल भी रही है।
बताते है कि विमान रनवे के अंत से पहले रुकने में सफल नहीं हो पाता है और रनवे के अंत से ज्यादा आगे निकल जाता है। यानी विमान रनवे की निर्धारित सीमा से बाहर चला जाता है। ऐसा तब होता है जब कोई विमान रनवे पर उतरने के बाद, उसे रोकने के लिए आवश्यक ब्रेक लगाने या थ्रस्ट रिवर्सल का उपयोग करने में सफल नहीं हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *