तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। मेड़ काटने का विरोध करने पर दबंगों ने युवक व उसके स्वजनों को घर में घुसकर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से घायल कर दिया। जिससे तीन सगे भाई घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मारपीट की धाराओं में दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम कर दिया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव नाजिर नगला निवासी महेंद्र पाल यादव ने बताया कि छ: दिन पूर्व शाम वह अपने खेत पर गए थे। उसी समय परिवार के ही सुग्रीव सिंह ने मेड़ काट दी थी। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे थे। जिसके बाद वह घर चले आए। उन्होंने घर आकर भाइयों को मेड़ काटने की जानकारी दी। इसी बात का उलाहना देने पर सुग्रीव सिंह स्वजनों संतोष, बबलू, लालाराम, नरवीर, सत्यपाल उर्फ कल्लू स्वजनों को लेकर घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। भाई के मना करने पर उन्होंने लाठी-डंडे व फावड़े से हमला कर दिया। जिससे महेंद्र, रामरहीश व खेतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लोहिया रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर खेतपाल को सैफई रेफर किया गया। पीडि़त की तहरीर पर दो दिन बाद आरोपितों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर एक बजे खेतपाल यादव की मौत हो गईं। अन्य दो भाई महेंद्र व रामरहीश का इलाज जारी है। बुधवार सुबह शव गांव पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों ने शव रखकर हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया। बुधवार देर रात विवेचना के आधार पर दो नए आरोपितों के नाम प्रकाश में आने पर संतोष, बबलू, दुर्गेश, नन्हें, सुग्रीव, लालाराम, नरवीर व सत्यपाल उर्फ कल्लू निवासी नाजिर नगला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। हालांकि पुलिस ने आरोपितों की तलाश में कई जगह दविश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने विवेचना में दो नए नाम प्रकाश में आए हैं। मारपीट की धाराओं में दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम कर दिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
युवक की मौत के बाद मारपीट का मुकदमा हत्या में तरमीम
