कम्पिल, समृद्धि न्यूज। अलमारी में पतंगे रखते समय किशोर को करंट लग गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे सीएचसी कायमगंज ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पर स्वजन बिलखने लगे।
जानकारी के अनुसार जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ के गांव मोहन नगला निवासी अमित नागर अपनी ससुराल कम्पिल के मोहल्ला मांझगांव पूर्व निवासी राजू नागर के यहां रह रहा है। उनका १२ वर्षीय पुत्र अरमान नागर रविवार शाम कमरे में बनी अलमारी में पतंगे रखने के लिए गया था। उसी समय उसका पैर अलमारी से निकले तार से छू गया। जिससे वह चीख पड़ा। स्वजनों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया, तो उनको भी करंट लग गया। तार तोडक़र उन्होंने किशोर को करंट से छुड़ाया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन आनन-फानन में किशोर को इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। मां सुआ देवी का रो -रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक चार भाई बहनों में तीसरे नंबर का था।
करंट से किशोर की मौत
