फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र एवं प्रभारी खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास खण्ड बढ़पुर में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत गठित ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, देखरेख और भागीदारी के साथ-साथ बाल भिक्षावृत्ति, ट्रैफिकिंग, बाल विवाह, बाल श्रम, यौन शोषण, सोशल मीडिया से बचाव आदि की रोकथाम पर चर्चा की गई। जिसमें जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र ने कहा कि महिला कल्याण विभाग सभी विभागों के साथ मिलकर कार्य करता है और यह हम सब का दायित्व है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही समस्त योजनाओं का प्रचार प्रसार सभी विभाग मिलकर करें और अपने आसपास के बच्चों का उचित संरक्षण एवं देखरेख करते हुए उन्हें विभिन्न प्रकार की योजनाओं से लाभान्वित कराएं। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि इस योजना में सरकार द्वारा धनराशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है। बाल संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह द्वारा बाल विवाह, बाल यौन शोषण, बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम आदि के संबंध में जानकारी प्रदान कर ग्राम स्तर पर गठित ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की नियमित बैठक कराकर गांव समुदाय के लोगों को जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र अस्पताल में नि:शुल्क बनाया जाता है। सरकारी अस्पताल में ही प्रसव कराएं। खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि गंगेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में पंजीकरण कराए और नियमित विद्यालय में भेजें तथा ड्रॉपआउट होने से बचाएं। सहायक विकास अधिकारी कृषि गोविंद नारायण ने कहा कि प्रत्येक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र निर्धारित समय में ही बनवाए। जिससे कि अभिभावक को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उप निरीक्षक विजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग से विजय पाल, सामाजिक कार्यकर्ता अखिलेश कुमार द्वारा बैठक में प्रतिभाग किया गया।
भिक्षावृत्ति, बाल विवाह रोकने का किया गया आवाह्न
