नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल की हुई बैठक में पांच महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सरकार ने उज्ज्वला योजना के लिए 12060 करोड़ रुपए, सस्ते एलपीजी सिलेंडर के लिए 30,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट मंजूर कर दिया है। तकनीकी शिक्षा संस्थानों को 4,200 करोड़ रुपए और असम-त्रिपुरा के विकास के लिए 4,250 करोड़ रुपए आवंटित किए गए।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत 2025-26 के लिए 12,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दे दी। रक्षाबंधन से ठीक पहले लिए गए इस फैसले से 10.33 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही केंद्रीय कैबिनेट ने तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को 30,000 करोड़ रुपये की एलपीजी सब्सिडी को मंजूरी दे दी है। सूचना व प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कैबिनेट में लिए इन फैसलों की जानकारी दी। मोदी सरकार की कैबिनेट बैठक में लिए गए बाकी फैसलों में टेक्निकल एजुकेशन, असम और त्रिपुरा का विकास, मरक्कनम-पुडुचेरी 4 लेन हाइवे के लिए बजट को मंजूरी दे दी गई है। सरकार ने टेक्निकल एजुकेशन संस्थानों के लिए 4200 करोड़ के बजट को मंजूरी दी है। वहीं, असम और त्रिपुरा के विकास के लिए विशेष विकास निधि के रूप में 4250 करोड़ को मंजूरी दे दी है। सरकार ने मरक्कनम-पुडुचेरी फोर लेन हाईवे के लिए 2157 करोड़ की राशि को भी मंजूरी दे दी है।
14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी
सरकार की ओर से एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को प्रति वर्ष 9 रिफिल (और 5 किलोग्राम सिलेंडर के लिए आनुपातिक रूप से) के लिए 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी है। इस पर 12,000 करोड़ रुपये का व्यय होगा। भारत अपनी एलपीजी आवश्यकता का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है।
- उज्जवला योजना के लिए 12060 करोड़ का अतिरिक्त बजट के प्रस्ताव को मंजूर
- अफोर्डेबल एलपीजी सिलेंडर के लिए 30 हजार करोड़ का अतिरिक्त बजट
- टेक्निकल एजुकेशन संस्थानो के लिए कैबिनेट की बैठक में 4200 करोड़ के बजट को मंजूरी दी गई
- असम और त्रिपुरा के विकास के लिए विशेष विकास निधि के रूप में 4250 करोड़ को मंजूरी दी गई
- मरक्कनम-पुडुचेरी 4 लेन हाइवे के लिए 2157 करोड़ की राशि को मंजूरी
