शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर वीआईपी ग्रुप विद हैल्पिंग हैंड्स ने जरूरतमंदों की मदद कर त्योहार को और भी अर्थपूर्ण बना दिया। ग्रुप की अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी और महासचिव सतीश सक्सेना ने एक बेहद जरूरतमंद परिवार को राशन, रोजमर्रा की जरूरत का सामान और रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से 25 मीटर तिरपाल प्रदान किया।
ग्रुप क्रिएटर अभिनय गुप्ता ने कहा कि वीआईपी ग्रुप की पहल से प्रेरित होकर कई सामाजिक संगठन और लोग समाज सेवा में आगे आए हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है। अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी ने कहा कि किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना ही असली त्यौहार है।
महासचिव सतीश सक्सेना ने कहा कि जरूरतमंद तक मदद पहुंचाना हमारा नैतिक कर्तव्य है और हम इसे निरंतर निभाते रहेंगे। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने तिरपाल भेंट करते हुए कहा कि यदि किसी वीआईपी ग्रुप को बरसात के मौसम में तिरपाल की आवश्यकता हो, तो हम हर जगह तिरपाल पहुंचाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह वीआईपी ग्रुप के सामाजिक कार्यों से प्रभावित हैं और पिछले 10 साल से वीआईपी ग्रुप जिस तरह के कार्य कर रहा है उसके लिए वह उसके साथ काम करने को पूरी तरह से तैयार है।
