कंपिल में जन्माष्टमी का महापर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

कंपिल, समृद्धि न्यूज़। तीर्थ नगरी कंपिल में जन्माष्टमी का महापर्व बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। मंदिरों में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाओं का भव्य श्रृंगार कर आकर्षक परिधान पहनाए गए। विद्युत सज्जा व सुगंधित फूलों से मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया।

नगर के घरों में भी श्रद्धालुओं ने गड्डू गोपाल की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की। देर रात बारह बजे भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास चरम पर रहा। घंटा-घड़ियाल और जयकारों की गूंज से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया। गंगा टोला स्थित ग्यारह खंडीय राधा कृष्ण मंदिर, प्राचीन रामेश्वर नाथ मंदिर, कपिल मुनि मंदिर, कालेश्वर नाथ मंदिर, द्रौपदी कुंड व बारह पत्थर स्थित कोट देवी मंदिर, सिद्ध मढ़ी सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।वहीं थाना कंपिल परिसर स्थित भोलेनाथ मंदिर में भी जन्माष्टमी महापर्व का आयोजन किया गया। पर्व को लेकर नगर के प्रमुख चौराहों व मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। थानाध्यक्ष विश्वनाथ आर्या के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *