लखनऊ, समृद्धि न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गन्ना विकास विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिक्षेत्र मुरादाबाद में तैनात प्रधान सहायक संजय कुमार सिंह को रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप में सेवानिवृत्ति देयों के भुगतान की स्वीकृति के लिए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि अधिकारी ने पत्रों में ओवरराइटिंग कर उच्चाधिकारियों को गुमराह किया और भुगतान मामलों में अनावश्यक विलंब किया।
गन्ना विभाग ने उन्हें सीतापुर कार्यालय में आबद्ध कर अनुशासनिक कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए लखीमपुर के जिला गन्ना अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जिन्हें 6 सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई : गन्ना विभाग का प्रधान सहायक निलंबित
