लखनऊ, समृद्धि न्यूज। शाहजहांपुर जिले में स्थित जलालाबाद को अब एक नई पहचान मिल गई है। केंद्र सरकार ने यूपी सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी कर दिया है। यह फैसला लंबे समय से चल रही मांग और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने इस बदलाव की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गृह मंत्रालय ने नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय की तरफ से आई इस मंजूरी में कहा गया है कि 27 जून 2025 को उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से जलालाबाद का नाम बदलने के लिए पत्र भेजा गया था। केंद्र सरकार को शाहजहांपुर के इस शहर का नाम परशुरामपुरी करने में कोई आपत्ति नहीं है। पत्र में आगे कहा गया है कि यूपी सरकार से गृह मंत्रालय का अनुरोध है कि वह नए नाम की वर्तनी देवनागरी (हिंदी), रोमन (अंग्रेजी) और क्षेत्रीय भाषाओं में लिखते हुए अधिसूचना जारी करे।
जितिन प्रसाद ने आगे लिखा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभारए वंदन और अभिनंदन। आपके मार्गदर्शन और नेतृत्व में आए इस निर्णय ने सम्पूर्ण सनातनी समाज को गर्व का क्षण प्रदान किया है। भगवान परशुराम जी के चरणों में कोटि कोटि नमन।
शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम अब परशुरामपुरी
