फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दरोगा के घर से लाखों की चोरी हो गयी। जिससे इलाके में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुइयांबूट स्थित महावीर इंटर कॉलेज के उत्तरी ओर पश्चिमी गली में उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह चौहान का मकान है। जितेन्द्र सिंह जनपद आगरा के फतेहपुर थाने में तैनात हैं। घर में उनका बेटा अभय सिंह पत्नी ज्योति सिंह के साथ रहता है। अभय सुबह करीब 9 बजे बाबू सिंह मेडिकल कॉलेज में पढ़ाने चला गया। उसके बाद ज्योति सिंह ग्राम नगला खैरबंद बाईपास स्थित मेडिकल स्टोर चली गर्इं। घर में रहने वाला अभय का साला मोहन 10.30 बजे मुख्य गेट में ताला लगाकर मेडिकल स्टोर पर चला गया। उसी के बाद चोर अभय के मकान के पीछ महावीर इंटर कॉलेज की उत से अभय के आवास के पश्चिमी और नीरज दीक्षित की मकान की छत पर पहुंचे। चोर नीरज दीक्षित की छत की बाउंड्री के सहारे अभय के मकान की 8 फीट ऊंची बाउंड्री फांदकर छत पर कूदे। जहां से मकान के पश्चिमी ओर नीचे पहुंच गये और मकान का चैनल खुला देखकर अंदर घुस गए। चोर चाबी से अलमारी से नकदी व जेवरात निकालने के बाद बेड में कपड़े निकालकर कीमती सामान तलाशते रहे। बाद में चोर मकान के पूर्वी ओर बने शौचालय के सहारे छत से होकर उसी रास्ते से बाहर चले गये। जब ज्योति करीब १२:३० बजे घर पहुंचीं और मेनगेट खोलकर अंदर पहुंची, तो सामान बिखरा देखकर हैरान रह गयीं। अनहोनी घटना की आशंका से ज्योति ने अड़ोस पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी और उनके साथ मकान के अंदर जाकर जांच पड़ताल की। अभय ने बताया कि चोर अलमारी से मां की डेढ तोला वजनी सोने की चेन, एक तोला वजनी मंगलसूत्र, पांच सोने की अंगूठी एवं पायलें के अलावा 45 हजार रुपए नकद ले गए। चोर जाते समय घरेलू सिलेंडर भी ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और बाईपास पर लगे दो सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। वहीं चर्चा है की मोहल्ले के ही किसी व्यक्ति ने मुखबरी करके चोरी की वारदात को अंजाम दिलवाया है।
दिनदहाड़े दरोगा के मकान से लाखों के जेवर व 45 हजार की नकदी चोरी
