मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र मोहम्मदाबाद के इटावा-बरेली हाईवे पर अलावलपुर में बने दुबे कोल्ड स्टोरेज में संचालित डेरी पर पुरानी दीवार को तोडक़र नई दीवार की चिनाई हो रही थी। जिसके चलते पुराना बीम मजदूर के ऊपर गिर गया। जिससे बीम में दबकर मजदूर की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है।
नगर पंचायत खिमसेपुर के वार्ड नंबर 6 विद्यावती नगर निवासी प्रेमचंद का 45 वर्षीय पुत्र सरोज बहेलिया की दीवार तोड़ते समय बीम गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। दुबे कोल्ड स्टोरेज में कार्य कर रहे राजमिस्त्री अजीत कुमार ने बताया कि पिछले 6 महीने से दुबे कोल्ड स्टोरेज में कार्य कर रहा है। दो दिन पूर्व ही कोल्ड स्टोरेज में संचालित डेरी की पुरानी दीवार को तोडक़र नई दीवार की चिनाई कर रहा था। दीवार को तोड़ते समय पुराना बीम सरोज के ऊपर गिर पड़ा। जिसमें दबकर सरोज की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। राजमिस्त्री अजीत कुमार ने बताया की कोल्ड स्टोरेज में मौजूद लोग उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले गए। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रशांत सेंगर ने सरोज बहेलिया को मृत घोषित कर दिया। कोल्ड स्टोरेज में साथ कार्य कर रहे मजदूर गोविंद, विशाल तथा सोनू ने परिजनों को सूचना दी। जिस पर सीएचसी में ग्रामीणों के साथ भाई मनोज, पत्नी ललिता देवी, मां मुन्नी देवी तथा पुत्र 9 वर्षीय गगन, 6 वर्षीय निशांत तथा 11 वर्षीय पुत्री नम्रता मौके पर पहुंची। जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। घटनास्थल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पहले तो परिजनों ने शव नहीं उठने दिया, लेकिन जब पुलिस ने समझाया, तो परिजन मान गये। तब जाकर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही खिमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह तथा कोल्ड स्टोरेज मलिक हरीश कुमार दुबे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचे तथा परिजनों से बातचीत की।
दीवार तोड़ते समय गिरा बीम, मजदूर की दबकर मौत
