हलिया (मिर्ज़ापुर): ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मिर्ज़ापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित लहुरियादह गांव में मंगलवार शाम पांच बजे के करीब बाइक सवार युवक पाइप लदे खड़े ट्रेलर में पीछे से टकरा गये। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई वहीं बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमान थाना क्षेत्र के हनुमना वार्ड संख्या 11 निवासी 25 वर्षीय सुनील रजक हनुमना वार्ड संख्या 9 निवासी 38 वर्षीय रतनलाल के साथ ड्रमंडगंज जा रहे थे जैसे ही लहुरियादह घाटी के सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचे तो नेशनल हाईवे पर पाइप लदे खड़े ट्रेलर में पीछे से अनियंत्रित होकर टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज ब्रह्मदीन पांडेय एसआई सुभाष यादव,एसआई रमेश यादव,एस आई टीपी सिंह ने दोनों घायलों को उपचार हेतु एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज भेजवाया जहां रास्ते में सिर में गंभीर चोट आने से सुनील रजक की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रतनलाल का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। वहीं ट्रेलर चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रेलर में खराबी आने से सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ा था। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को देते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि लहुरियादह गांव में पाइप लदे खड़े ट्रेलर में टकराने से एक बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है एक युवक को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। परिजनों को सूचना दी गई है घटना की जांच की जा रही है।
