ई-रिक्शा से जा रहे चिकित्सक की जेब काटकर उचक्कों ने 22 हजार उड़ाये

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। अज्ञात बाइक चालकों ने ई-रिक्शा में जाते समय निजी चिकित्सक की जेब काटकर २२ हजार रुपये पार कर दिये। पीडि़त ने थाना पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार कस्बा नवाबगंज मेन चौराहा निवासी निजी चिकित्सक नवाबगंज थाना क्षेत्र के ही गांव कोठरी में कई वर्षों से अपने निजी क्लीनिक का संचालन कर लोगों को स्थानीय सेवायें दे रहे थे। जिनको लगभग 20 से 25 वर्ष इस गांव में हो गए हैं। उनकी अच्छे चिकित्सक में गिनती होती है। गुरुवार को वह ई-रिक्शा से क्लीनिक से अपने घर के लिए निकले, तभी दो बाइकों से पांच व्यक्ति आए और उनके ई-रिक्शा के पीछे बाइक लगा दी। वहीं ई-रिक्शा को रुकवाकर दो व्यक्ति ई-रिक्शा में बैठ गए और उन्होंने अपने हाथ में लिए चटाई को पैरों पर रख लिया। इस बीच करणपुर तथा बांसमई के बीच में कहीं उन्होंने घटना को अंजाम दे दिया और ग्राम बांसमई के निकट वह व्यक्ति ई-रिक्शा से उतरकर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। जब पीडि़त चिकित्सक कस्बा नवाबगंज चौराहे पर आकर ई-रिक्शा से उतरा और ई-रिक्शा चालक को जब किराया देने के लिए जेब में हाथ डाला, तो उनका जेब से हाथ बाहर निकल गया। जिससे पीडि़त चिकित्सक के होश उड़ गये तथा घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने उपरोक्त युवकों की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। तब पीडि़त चिकित्सक ने थाना पुलिस को २२ हजार रुपये जेब काटकर निकाल लेने की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने पीडि़त को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *