दिल्ली: भारी बारिश से थमा गुरुग्राम, बाढ़ का खतरा, पुराना रेलवे पुल शाम से होगा, लगा लम्बा जाम

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गाजियाबाद-नोएडा से गुरुग्राम तक जगह-जगह यातायात जाम होने से नागरिकों को खासी परेशानी हुई। गुरुग्राम में सात किलोमीटर लंबे जाम से लोग तीन घंटे तक सडक़ों में फंसे रहे। मंगलवार को वहां लोगों को दफ्तर न जाने, घर से ही काम करने की और स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सोमवार देर रात को नोएडा समेत दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश देखने को मिली।

हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार दोपहर से हो रही बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। इस कारण लोगों का काफी परेशानियां का सामना करना पड़ा रहा है। शाम को जैसे ही लोग ऑफिस से निकले जाम में फंस गए। एनएच-48 पर चार किलोमीटर लंबी गाडिय़ों की कतारें दिखाई दीं। इस कारण हजारों गाडिय़ां रेंगने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग ने 2 सितंबर को जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जाम के कई वीडियो भी सामने आ रहे हैं, जिसमें दूर-दूर तक सिर्फ गाडिय़ां ही गाडिय़ां नजर आ रही हैं। गुरुग्राम में बीते कई दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। सोमवार दोपहर से हो रही बारिश के बाद गाडिय़ां की रफ्तार धीमी हो गई। एनएच-48 पर बीते चार घंटों से हीरो होंडा चौक से लेकर नरसिंहपुर तक 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा। इस कारण हजारों गाडिय़ां सडक़ पर फंस गईं। बारिश के बाद नरसिंहपुर, सेक्टर 29, सेक्टर 31, सेक्टर 45, सेक्टर 56, डीएलएफ फेज 3 और पालम विहार के कुछ हिस्से सहित कई इलाके जलमग्न हो गए। वहीं, हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

राजधानी दिल्ली के नदी से सटे इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार शाम पांच बजे से पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद करने का आदेश दिया है। बैराज से सोमवार सुबह पांच बजे से हर घंटे औसतन 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने सोमवार को दिन में दो बार बाढ़ की चेतावनी जारी की है। पहली चेतावनी सुबह 8 बजे तब जारी की गई। दूसरी चेतावनी एक घंटे बाद सुबह नौ बजे फिर से जारी की गई। इस बार करीब 2.29 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *