समृद्धि न्यूज। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 65 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को अलविदा कहने का फैसला किया है। मिचेल स्टार्क ने साल 2012 में टी20 की इंटरनेशनल पिच पर डेब्यू किया था। उनका टी-20 इंटरनेशनल करियर 13 साल का रहा। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच जून 2024 में भारत के खिलाफ खेला था। टी-20 वल्र्ड कप 2024 के बाद से स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए एक भी टी-20 मैच नहीं खेला है। संन्यास का ऐलान करते हुए उन्होंने बताया कि वह टेस्ट, वनडे और डोमेस्टिक टी-20 लीग में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसका मतलब है कि वह आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आएंगे। स्टार्क ने इसके साथ ही यह भी बताया कि उन्होंने टेस्ट और वनडे पर अधिक ध्यान देने के लिए यह फैसला लिया है। स्टार्क ने अपने बयान में कहा कि टेस्ट क्रिकेट हमेशा से मेरे लिए पहली प्राथमिकता रही है। मैंने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले गए हर टी-20 मैच के हर मिनट का आनंद लिया है, खासकर 2021 वल्र्ड कप का, सिर्फ इसलिए नहीं कि हम जीते, बल्कि इसलिए भी कि हमारे पास एक शानदार टीम थी और उस टूर्नामेंट के दौरान हमें खेलने में काफी मजा आया।
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास
