अतिक्रमण के चलते विलुप्त होते जा रहे तालाब

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नगर पंचायत नवाबगंज में राजस्व अभिलेखों में सुरक्षित अधिकांश तालाबों की जमीन पर लोगों ने अबैध कब्जा कर निर्माण करा लिए। जिसके चलते तालाब धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। तालाबों की जमीन पर अधिकांश पक्के मकान बन गए हैं। नवाबगंज के मुहल्लों में पानी के ठहराव के लिए नगर की डाकघर वाली गली, मोहल्ला बरतल वाली गली, पुराना गनीपुर, नया गनीपुर, थाने के सामने आदि में तालाब की जमीन सुरक्षित है, लेकिन तालाबों की जमीन सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई है। तालाब की जमीन पर लोगों द्वारा कब्जा कर निर्माण भी करा लिया गया है। जिससे बरसात में गली मुहल्लों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। जिससे लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। रविवार दोपहर बाद हुई बरसात से गली मोहल्लों में पानी भर जाने से मुहल्ले के लोगों को निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कई बार इन तालाबों को मुक्त कराकर खाली कराने की मांग की, लेकिन नगर पंचायत कर्मियों व राजस्व कर्मियों को न जाने किसका भय सता रहा है। जिससे अतिक्रमण से तालाब को मुक्त कराने में असमर्थ दिखाई दे रहे हैं। तालाब तो मौके से गायब ही होते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *