उन्नाव, समृद्धि न्यूज। बारावफात के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए आज पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव के साथ थाना कोतवाली सदर क्षेत्र का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने बारावफात जुलूस के रूट का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बारावफात के अवसर पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
