सहारा इंडिया सहारा इंडिया और सुब्रतो रॉय के परिवार और उनकी कंपनियों के अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। हाई रिटर्न देने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए लिए गए, हालांकि उन्हें यह पैसा वापस नहीं दिया गया। सहारा इंडिया घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने सहारा इंडिया और इसके संस्थापक सुब्रतो रॉय के परिवार समेत उनकी कंपनियों के अधिकारियों के खिलाफ कोलकाता की पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें करीब 1 लाख 74 हजार करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया गया है। जांच में सामने आया है कि सहारा गु्रप ने हाई रिटर्न का लालच देकर करोड़ों निवेशकों से करीब 1.74 लाख करोड़ रुपए जुटाए। जब निवेशक अपना पैसा वापस लेने पहुंचे तो उन्हें रकम नहीं लौटाई गई। चार्जशीट में आरोप है कि हाई रिटर्न देने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए लिए गए, हालांकि लोगों को यह पैसा वापस नहीं दिया गया। इस चार्जशीट में सुब्रतो रॉय की पत्नी सपना, उनका बेटा सुशांतो रॉय और जेपी वर्मा, अनिल अब्राहम और अन्य आरोपी हैं। ईडी के मुताबिक, सुब्रतो रॉय का बेटा भगोड़ा है, जो पूछताछ में शामिल नहीं हुआ है। उसके खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी कराने की कोशिश जारी है। ईडी की जांच में पता चला कि सहारा गु्रप ने हमारा इंडिया के्रडिट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड और अन्य कंपनियों के जरिए यह पोंजी स्कीम चलाई। सहारा गु्रप ने गांव-गांव तक एजेंट फैला रखे थे। इन एजेंटों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सहारा में पैसा लगाना सुरक्षित है और इससे अच्छा रिटर्न मिलेगा। इस भरोसे के चलते करोड़ों लोगों ने अपना पैसा सहारा की स्कीमों में लगा दिया। कंपनी ने लोगों से वादा किया था कि तय समय में हाई रिटर्न मिलेगा और उनका भविष्य सुरक्षित रहेगा, हालांकि यह एक बहुत बड़े घोटाले में बदल गया। सुब्रत रॉय सहारा का 2023 में 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
