डीजे रोकने पर भक्तों की पुलिस से हुई नोंकझोंक
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। शनिवार को नगर के मुख्य बाजार थाने के सामने स्थित हनुमान मंदिर में स्थापित गणेश प्रतिमा की गणपति बप्पा मोरया कमेटी के लोगों ने पूजा अर्चना की। इसके बाद मुख्य तिराहे से अबीर गुलाल उड़ाकर ढोल नगाड़ों व डीजे के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा को मुख्य बाजार मार्ग पर निकाला गया। विसर्जन यात्रा में रथ पर सवार श्री गणेश की प्रतिमा के आगे चल रहे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवक व युवतियां गुलाल उड़ाकर जयकारों के साथ नाचते नजर आए। विसर्जन यात्रा को मुख्य बाजार मार्ग पर घुमाकर मुख्य चौराहे पर ले जाया गया। जहां से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पांचालघाट ले जाया गया। वहीं मोहल्ला चिक वाली गली स्थित कमल मंदिर से भी मूर्ति विसर्जन यात्राएं निकाली गई। लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मिठाईयां व फल बांटे। इसके साथ मैन चौराहा पंचवटी मंदिर, नया गनीपुर स्थित हनुमान मंदिर, पुराना गनीपुर बार्ड दीन दयाल नगर से भी मूर्ति विसर्जन यात्राएं निकाली गई। लोगों द्वारा गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ आदि जयकारों के साथ श्री गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए पांचालघाट ले जाया जा रहा था, लेकिन हथियापुर रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस ने डीजे संचालकों को फर्रुखाबाद बाजार में डीजे ले जाने से रोक दिया। कमेटी के पदाधिकारियों ने जब इस बात का विरोध जताया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धार्मिक कार्य में डीजे की परमीशन दे चुके है तो और एसडीएम द्वारा भी परमिशन मिलने के बाद भी आप गणेश प्रतिमा के साथ डीजे जाने से क्यों रोक रहे हो, तो पुलिस कर्मियों ने डीजे सीज होने की धमकी देकर अपनी जिम्मेदारी पर ले जाने की बात कही। इस बीच लगभग 2 घंटे तक कमेटी के पदाधिकारियों की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। जिसके बाद बिना डीजे के गणेश प्रतिमा को फर्रुखाबाद बाजार होते हुए पांचाल घाट ले जाया गया, जहां पर विसर्जन किया गया। इस मौके पर हनुमान मंदिर के पुजारी रामजी, गणपति बप्पा मोरिया समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष कमल भारद्वाज, भाकियू स्वराज गुट जिलाध्यक्ष अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, गणपति देवा मोरिया कमेटी के अध्यक्ष आनंद कश्यप, भोले गुप्ता, सनी भारद्वाज, राजीव गुप्ता, अनुज गुप्ता, सुनील राठौर, अन्नू राठौर, पप्पू राठौर, गोल्डी गुप्ता, कोमल गुप्ता, आलोक गुप्ता, गोविंद गुप्ता, आर्यन भारद्वाज, राजीव गुप्ता आदि लोग रहे।
धूमधाम से भगवान गणेश को किया गया विदा
