शव गांव पहुंचने पर परिजनों में मचा कोहराम

उन्नाव , समृद्धि न्यूज। साथी के साथ ट्रक से महोबा गिट्टी लेने गए क्षेत्र निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों तथा ग्रामीणों में युवक की हत्या किए जाने की चर्चा है। सोमवार को परिजनों ने क्षेत्र के सरैया घाट पर युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेरपुर अछिरछा के मजरा ग्राम भोलाखेड़ा निवासी अमित 25 वर्ष पुत्र तकदीर यादव कानपुर नगर के नौबस्ता मोहल्ले में रहता था। तथा अपनी इको गाड़ी से क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को रोज लाता व ले जाता था। परिजनों के अनुसार इधर स्कूलों में तीन दिन छुट्टी होने के कारण वह नौबस्ता मोहल्ला निवासी अपने साथी ट्रक ड्राइवर छोटू के साथ ट्रक से महोबा गिट्टी लेने गया था। जहां पानी पीने के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। शनिवार शाम अमित की मौत की खबर मिलते ही परिजन महोबा चले गए। पोस्टमार्टम के बाद देर रात जैसे ही शव गांव पहुंचा तो घर में कोहराम मच गया। सोमवार को परिजनों ने अमित के शव का क्षेत्र के सरैया गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। अमित तीन भाई दो बहनों में बहन प्रीति, बउआ एवं भाई अंकित से छोटा तथा ललित से बड़ा था। घटना को लेकर जहां साथी द्वारा करंट को लगने कारण बताया गया है वहीं गांव में परिजनों एवं ग्रामीणों में युवक की हत्या किए जाने की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *