बर्तन साफ करने का पाउडर बेचने के बहाने घर में घुसे थे, पुलिस को दी तहरीर
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। फेरी वालों ने महिला को अचेत कर घर से हजारों की नकदी व जेवर लूट लिये। पति ने घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार कायमगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दत्तूनगला निवासी अनिकेत प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता है। वह सोमवार को स्कूल पढ़ाने चला गया था। घर पर उसकी पत्नी अनुराधा अकेली थी। इसी दौरान साइकिल से दो फेरी वाले आये और बर्तन साफ करने का पाउडर बेचने के बहाने अनुराधा के घर में घुस गये। बातचीत करने के दौरान उपरोक्त फेरी करने वाले युवकों ने अनुराधा के ऊपर स्प्रे कर दिया। जिससे अनुराधा बेहोश हो गयी। इसी दौरान फेरी वाले युवक ५० हजार की नकदी व जेवर लेकर फरार हो गये। जब महिला अनुराधा को होश आया, तो सेफ का लॉक टूटा व सामान बिखरा देखा, तो उसके होश उड़ गये। उसने देखा कि अलमारी से नकदी के अलावा दो अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स और गले से मंगलसूत्र गायब था। उसनेे तुरंत अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी। अनिकेत ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीडि़त दंपति ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
फेरी करने वाले युवकों ने महिला को अचेत कर लूटी नकदी व जेवरात
