मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। धान की सिंचाई कर रहे किसान को सांप ने डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद के नगला दलजीत सिंह निवासी धीरेन्द्र कुमार (५३) बीती रात करीब ९ बजे अपने धान के खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। जानकारी होने पर परिजन तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धीरेंद्र कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह खेती से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुहागवती, 20 वर्षीय पुत्र आकाश उर्फ विशाल और 17 वर्षीय पुत्री राखी है। मृतक के पुत्र आकाश ने पुलिस को घटना की सूचना दी। नीम करोरी चौकी के प्रभारी उप निरीक्षक सूर्य प्रकाश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धान की सिंचाई कर रहे किसान को सर्प ने डसा, मौत
