डॉक्टर की फर्जी डिग्री लगाकर चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्र किए जाएंगे सील
उन्नाव, समृद्धि न्यूज। जिला पीसीपीएनडीटी सलाहकार समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण और सील किए गए केंद्रों की स्थिति पर चर्चा की गई।
डीएम ने बताया कि प्रसव पूर्व भ्रूण लिंग परीक्षण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बीघापुर स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर के चिकित्सक की डिग्री फर्जी पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को केंद्र संचालक और डॉक्टर से जवाब मांगने का निर्देश दिया है।
सील किए गए अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच की जाएगी। इसमें सीसीटीवी फुटेज और डीबीआर रिकॉर्ड की जांच शामिल है। आसपास की दुकानों से भी जानकारी ली जाएगी। केवल पंजीकृत डॉक्टर ही अल्ट्रासाउंड मशीन चला सकेंगे।
नए पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले केंद्रों का गहन सत्यापन किया जाएगा। लिंग परीक्षण या अवैध गतिविधि पाए जाने पर केंद्र को तुरंत सील कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जनपद के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच के लिए मजिस्ट्रेट और जिला स्तरीय अधिकारियों को नियुक्त किया जाएगा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
