शिक्षकों ने टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की उठायी मांग

 धरना देकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री को भेजा ज्ञापन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भूपेश पाठक के नेतृत्व में कई शिक्षक संगठनों ने धरना प्रदर्शन में शामिल होकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री ज्ञापन कलेक्टे्रट पहुंचकर संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बड़ी संख्या में शिक्षकों ने पहुंचकर धरना प्रदर्शन में भाग लिया और दिये गये ज्ञापन में मांग की कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 में संशोधन कर अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता से मुक्त किया जाये।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम में शिक्षक नियुक्त होने अथवा प्रोन्नति हेतु टीईटी उत्तीर्णता को अनिवार्य किया गया था। जिसमें अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भी टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य होने से संबंधित कोई आदेश दिशा निर्देश नहीं था न ही भारत सरकार अथवा किसी राज्य सरकार द्वारा इस दिशा में कोई कार्रवाई की गई, परंतु हाल में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गलत तथ्यों के आधार पर यह आदेश जारी किया गया है कि देश में शिक्षक बने रहने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। जिसमें मात्र 5 साल की सेवा बचे लोगों को छूट दी गई है, परंतु प्रोन्नति में उन्हें भी छूट नहीं दी गई है।
प्रदेश के लगभग 8 लाख शिक्षक/शिक्षिकाओं की नौकरी/प्रोन्नति पर खतरा उत्पन्न हो गया है। वहीं टीईटी उत्तीर्ण करने हेतु सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दो वर्षों का समय दिया गया है ऐसे में प्रदेश के शिक्षक/शिक्षिकाओं को टीईटी उत्तीर्ण होना संभव प्रतीत नहीं होता है। ऐसे में शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्णता की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। साथ ही टीईटी अनिवार्यता नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भूपेश प्रकाश पाठक, आयेन्द्र सिंह यादव, प्रवेश सिंह तोमर, अटेवा के प्रदेश संयुक्त मंत्री ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष नरेंद्र जाटव, यूटा के जिलाध्यक्ष पियूष कटियार, पंकज यादव, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के सर्वेश त्रिवेदी, सुजीत सिंह, शिक्षामित्र वेलफेयर संघ के अनुराग पांडे, धीरेन्द्र यादव, प्रमोद यादव, घनश्याम वर्मा, विमलेश राजपूत, रेखा सिंह, अमिता पाठक, सुषमा, रमेंद्री, रोली पांडेय, रेशमा आर्या, उपासना कटियार, मंजरी शाक्य, नीतू सिंह, आभा, वंदना सिंह, ज्योति, प्रवीणा दुबे आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *