सैफई, समृद्धि न्यूज। क्षेत्र के बरौली कला स्टेडियम में क्रिकेट खेल रहे युवक पर सात-आठ दबंग किस्म के आरोपियों ने लाठी-डंडा, तमंचा व पत्थर से बर्बर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह पूरी घटना 8 सितंबर को हुई थी, लेकिन अब मामला और गंभीरता का रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर एक 1 मिनट का लंबा क्रूर मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी युवकों ने पीड़ित युवक के सिर पर पत्थर से वार किया, एक आरोपी तमंचे की बट से प्रहार करता है, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडा से पीड़ित को बेरहमी से पीटा। पूरा कांड आरोपीयों ने अपने मोबाइल से खुद रिकॉर्ड किया और इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य प्लेटफॉर्म पर स्टेटस के रूप में अपलोड किया।
प्रशांत उर्फ लकी निवासी नगला शीशिया थाना सैफई का रहने वाला है। उसके पिता सुधीर उर्फ कन्ना यादव ने बताया कि उनका पुत्र क्रिकेट खेल रहा था, तभी गांव के ही पवन उर्फ लऊआ पुत्र रामाधार, अंकित पुत्र संजीव, गोलू पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम बहादुरपुर थाना कुर्रा जनपद मैनपुरी, विपिन पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम हरिचंद्रपुर थाना सैफई, रवी पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम नगला किशोरी थाना सैफई तथा रवी पुत्र सुरेश निवासी नगला केशरी थाना सैफई ने उसके साथ बिना किसी पूर्व विवाद के गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडा, तमंचा की बट और पत्थर से उसके सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के पिता ने बताया कि आरोपी दबंग किस्म के हैं। इनके खिलाफ थाना सैफई में दर्ज कई मुकदमे पहले से मौजूद हैं। आरोपी कोनूर एवं बजरंग दल ग्रुप बनाकर आए दिन दबंगई दिखाते हैं और इलाके में आतंक मचाते हैं।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया पीड़ित की तहरीर पर छह अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वायरल वीडियो को भी विवेचना में शामिल किया जाएगा।
